गैंगरेप के बाद कश्मीर में बेचा, पति ने कराया देह व्यापार
एक महिला ने कश्मीर में गैंगरेप के बाद निकाह के नाम पर बेचने और देह व्यापार कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और बाद में उसका निकाह कश्मीर के युवक से करवा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक महिला ने गैंगरेप के बाद निकाह के नाम पर कश्मीर में बेचने और वहां देह व्यापार कराने का आरोप लगाकर एसएसपी ऑफिस में शिकायत की है। पुलिस महिला के आरोपों की जांच कर रही है। पीड़िता का कहना है कि पीलीभीत में जहानाबाद और भोजीपुरा निवासी दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे और मां से कश्मीर के लड़के से उसका निकाह करवाने की बात की। जब मां दोनों के लिए नाश्ते का सामान लेने गई, तो दोनों ने घर में ही सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद 6 फरवरी 2025 को उन्होंने कश्मीर के युवक से बहेड़ी तहसील में स्टांप पर निकाह करा दिया।
युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसका शौहर उसे शराब पीकर मारपीट करता था। उससे जबरन देह व्यापार कराता था और विरोध करने पर उसे पीटता था। पति कहता है कि उसने तीन लाख रुपये में खरीदा है और वह ऐसे ही पैसे वसूल करेगा। युवती का आरोप है कि उसका पति पहली पत्नी से भी ऐसे ही देह व्यापार करता था। महिला ने एसएसपी को संबोधित प्रार्थना पत्र में तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

