फर्रुखाबाद में बाढ़ से घिरे 81 गांव फिर भी घर-द्वार छोड़ नहीं रहे ग्रामीण
फर्रुखाबाद में लगातार बारिश से गंगा खतरे के निशान से पांच सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जिसके कारण 81 गांव प्रभावित हैं। ग्रामीण गांव नहीं छोड़ रहे हैं, इसलिए प्रशासन ने नाव और मोटर बोट का इंतजाम किया है। मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं और बाढ़ शरणालयों में भोजन और खाद्यान्न वितरित किए जा रहे हैं।

फर्रुखाबाद। लगातार हो रही बारिश से गंगा खतरे के निशान से पांच सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इसके चलते जिले में लगभग 81 गांव बाढ़ से घिर गए हैं। इसके बाद भी ग्रामीण गांव छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में ग्रामीणों के आवागमन के लिए नाव और मोटरवोट लगाए गए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन की टीम बाढ़ शरणालयों से लेकर बाढ़ चौकियों तक पर नजर रखे हुए है। जिस तरह से गंगा का पानी बढ़ रहा है उससे निचले इलाके में ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गंगा के पानी पर नजर रखी जा रही है।
प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों को कोई दिक्कत न हो इसलिए नाव और मोटर बोट लगाई गई है। बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप भी लगवाए जा रहे हैं। बाढ़ शरणालयों में जो लोग पहुंचे हैं उन्हें पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न के पैकेट भी वितरित किए जा रहे हैं।


