गंगा का जलस्तर घटने से जमीन पर टिकी फ्लोटिंग बैरिकेडिंग
कड़ाधाम के कुबरी घाट पर गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। दो दिन में जलस्तर ढाई फीट और पिछले दस दिनों में छह फीट कम हुआ है। बारिश रुकने से जलस्तर में कमी आई है, जिससे क्षेत्र के लोगों और किसानों को राहत मिली है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग जमीन पर ठहरी है।

कड़ाधाम के कुबरी घाट पर लगातार गंगा का जलस्तर घटने से रविवार सुबह भक्तों की सुरक्षा के लिए लगाई गई फ्लोटिंग जेटी बैरिकेडिंग जमीन पर टिक गई। बीते दो दिनों में गंगा का जलस्तर करीब ढाई फीट घटा है। वहीं पिछले करीब दस दिनों में जलस्तर में लगभग छह फीट की कमी दर्ज की गई है। सप्ताह भर से बारिश होना बंद होने से गंगा का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। अब तक लगभग छह फिट पानी कम हो चुका है। गोताखोर मकबूल अहमद ने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार कम हो रहा है, जो क्षेत्र के लोगों और किसानों के लिए राहत की बात है।
रविवार सुबह घाट पर पानी काफी पीछे हट गया है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगाई गई फ्लोटिंग बैरिकेडिंग जमीन पर टिक गई है। देर शाम नाविकों ने बैरिकेडिंग को उठाकर गंगा में निर्धारित स्थान पर दोबारा स्थापित करने का प्रयास किया। किसानों का कहना है कि पानी कम होने से फसलों को लंबे समय तक डूबे रहने से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।

