एक सेमी प्रति घंटा घट रहा गंगा का जल स्तर: राहत
सीतामढ़ी में गंगा का जल स्तर घट रहा है, जिससे तटीय इलाकों में राहत मिली है। जिला प्रशासन के अनुसार, मंगलवार को जल स्तर 75.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी बिंदु 80.20 मीटर है। पुलिस द्वारा स्नान पर पाबंदियाँ लगाई गई हैं और अंतिम संस्कार के लिए घाटों पर भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सीतामढ़ी, हिन्दुस्तान संवाद। गंगा का जल स्तर एक सेमी प्रति घंटा की दर से घट रहा है। जबकि सोमवार की शाम पांच सेमी प्रति घंटा से पानी का लेवल घटने का रिपोर्ट दर्ज हुआ था। दो दिन पूर्व उफनाई गंगा को देख तटीय इलाके में रहने वाले लोग थोड़ा सहम गए थे। लेकिन पहले पानी में ठहराव हुआ फिर घटने का क्रम शुरू हो गया। गंगा का पानी घटने से तटीय इलाकों में रहने वालों ने राहत की सांस ली है। जिला प्रशासन की माने तो मंगलवार को गंगा का जल स्तर 75.80 मीटर दर्ज हुआ। जबकि चेतावनी बिंदु 80.20 मीटर तो खतरे का बिंद 81.20 मीटर है।
गंगा का पानी निरंतर घटते क्रम में है। हालांकि उफनाई गंगा के बीच कोई गहरे पानी में न समा जाए इसलिए पुलिस टीम का निरंतर चक्रमण बना हुआ है। पुलिस टीम सुबह-शाम घाट पर पहुंचकर स्नान करने वालों को बाहर से ही बाल्टी एवं डब्बा से स्नान करने की हिदायत दे रही हैं। हालांकि प्रमुख घाटों पर बैरीकेडिंग कर दी गई है। वहीं, रामपुर गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार करने आए लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। रामपुर गंगा घाट, बिहरोजपुर, पंचमुखी घाट, चतुर्मुख घाट समेत आसपास के घाटों पर अंतिम संस्कार को आए लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पानी का दायरा बढ़ने से लोगों को शव लेकर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।


