गंगा के जलस्तर में आई कमी, सुल्तानगंज में सात,भागलपुर में तीन सेमी घटा
कहलगांव में जलस्तर में दो सेमी आई कमी, आज से घटेगा गुरुवार शाम को

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। भागलपुर में गंगा के जलस्तर में आंशिक कमी आई है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट में बताया गया कि सुल्तानगंज में सात सेमी की कमी आई है। यहां गुरुवार शाम का जलस्तर 36.68 मीटर आंका गया। जबकि बुधवार को गंगा यहां 36.75 मीटर पर बह रही थी। भागलपुर में मात्र 3 सेमी की कमी दर्ज की गई। यहां दोपहर दो बजे का जलस्तर 34.57 मीटर पाया गया। बुधवार रात यहां का जलस्तर 34.60 मीटर था। कहलगांव के जलस्तर में दो सेमी की कमी पायी गयी। गुरुवार शाम जलस्तर 32.79 मीटर पाया गया। कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार से गंगा का जलस्तर तेजी से घटेगा।
धीमी गति से उतर रहे जलस्तर के कारण आमलोगों को बाढ़ के पानी में आने-जाने को विवश होना पड़ रहा है। यूनिवर्सिटी कैंपस में नौका परिचालन जारी रहा। बाढ़ राहत शिविरों में बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं शुरू की गईं। सुबह बच्चों को योग सिखाया गया। बच्चों के मनोरंजन के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में बने शिविर में टीवी लगाया गया है। शाहकुंड में सीओ डॉ. हर्षा कोमल ने ट्रैक्टर पर बैठकर क्षेत्र का भ्रमण किया और बाढ़ प्रभावितों के साथ बात की।


