गंगा का बढ़ा जलस्तर, चांदपुर मार्ग पूर्ण रूप से कटा
गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से बिजनौर चांदपुर में आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है। पांडव चौकी के समीप तेज बहाव के कारण सड़क कट गई है, जिससे मवाना और चांदपुर का संपर्क टूट गया है। इससे यात्रियों को लंबा सफर तय करना पड़ रहा है और किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं।
गंगा नदी के जलस्तर में सोमवार को भी वृद्धि दर्ज की गई। इसके चलते बिजनौर चांदपुर की ओर पांडव चौकी के समीप पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों के आवागमन में गंभीर समस्या पैदा हो गई है। बिजनौर बैराज के अवर अभियंता घनश्याम के अनुसार सोमवार को बैराज से एक लाख पैंतीस हजार क्यूसेक पानी चल रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण गंगा पार पांडव चौकी पर कई फीट तक पानी बह रहा है। लोगों का कहना है कि जलधारा का प्रवाह इतना तेज है कि सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। तेज धार में सड़क कटकर बह जाने के कारण मवाना और चांदपुर तहसील का सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
मार्ग अवरुद्ध होने से चांदपुर, नूरपुर, मुरादाबाद और उत्तराखंड की ओर जाने वाले यात्रियों, दैनिक यात्रियों तथा अपनी ड्यूटी पर जाने वाले शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को वाया बिजनौर होकर लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ रहा है, जिससे उनके समय और ईंधन दोनों की भारी चपत लग रही है।हालांकि कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से निकलकर अपने गंतव्य तक पहुंच रहे है। वहीं गंगा पार क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों पर भी बाढ़ की मार पड़ी है। जलभराव और तेज बहाव के कारण किसानों की खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।


