राघोपुर में फिर आई बाढ़, ऊर्जा मंत्री सहित 1000 से अधिक लोगों के घरों में घुसा पानी
गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव में घुसने लगा बाढ़ का पानी दोबारा बाढ़

नवगछिया, निज संवाददाता। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण गंगा नदी ने एकबार फिर से राघोपुर में बाढ़ का कहर मचाना शुरू कर दी है।
बाढ़ का प्रवेश
गुरुवार की तड़के सुबह से अचानक गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश करना शुरू किया और देखते ही देखते ऊर्जा मंत्री सहित 1000 से अधिक लोगों के घर में प्रवेश कर गया। जिसके कारण एकबार फिर राघोपुर गांव पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में आ गया है। गंगा का उग्र रूप देख लोग लगातार सुरक्षित स्थल की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। गांव से पलायन का भी सिलसिला शुरू हो चुका है। पूर्व में आई बाढ़ का पानी उतरने के बाद अभी लोगों का जख्म भी नहीं भरा था, फिर से भी गांव में गंगा की तबाही शुरू हो गई।
ग्रामीणों की स्थिति
ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व से तबाही का दर्द से पीड़ित होने के बाद भी पूरे गांव में जितिया की तैयारी चल रही थी। लेकिन, गंगा मैया ने एकबार फिर तबाही के मंजर की चुनौती दे दी। पूर्व जिला पार्षद विजय मंडल ने बताया कि पूर्व का बाढ़ खत्म होने के बाद लोगों का लौटना प्रारंभ ही हुआ था कि एकबार फिर से बाढ़ की तबाही शुरू हो गई। पूरा गांव बाढ़ की पानी से घिरता जा रहा है। अगर जलस्तर में वृद्धि जारी रहा तो पूरे इलाके में बड़ी तबाही होगी।

