फिर से बढ़ने लगी गंगा, आंशिक वृद्धि
अगले 24 घंटे में जलस्तर में भारी बढ़ोतरी का पूर्वानुमान फिलहाल भागलपुर में 6 सेमी,

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। भागलपुर में बाढ़ की स्थिति अगले 24 घंटे बाद बिगड़ सकती है। फरक्का बराज खुलने के बाद पिछले तीन दिन से गंगा के जलस्तर में कमी आई थी। लेकिन बीते 24 घंटे में फिर से गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे बाढ़ नियंत्रण विभाग को भागलपुर में कटाव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान चलाने में दिक्कत होने लगी है। जलस्तर में बढ़ोतरी से सुल्तानगंज में सीढ़ी घाट, नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान में दिक्कत होने लगी। बूढ़ानाथ मंदिर, एसएम कॉलेज घाट, बरारी पुल घाट आदि के पास जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जल संसाधन विभाग की जारी रिपोर्ट में बताया गया कि बुधवार को इलाहाबाद से कहलगांव तक गंगा के जलस्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई है। इलाहाबाद में 4 सेमी, वाराणसी में 7 सेमी, बक्सर में 6 सेमी, दीघा घाट में 44 सेमी, गांधी घाट में 41 सेमी, हाथीदह में 31 सेमी, मुंगेर में 11 सेमी, भागलपुर में 6 सेमी और कहलगांव में 5 सेमी बढ़ोतरी हुई है। बिहार में गंगा चार जगह दीघा घाट, गांधी घाट, हाथीदह और कहलगांव में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।आयोग ने पूर्वानुमान रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को गंगा के जलस्तर में गांधी घाट में 54 सेमी, दीघा घाट में 72 सेमी, हाथीदह में 42 सेमी, मुंगेर में 22, भागलपुर में 25 और कहलगांव में 24 सेमी बढ़ोतरी की संभावना है। कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश ने बताया कि भागलपुर में राघोपुर के पास तटबंध टूटने के अलावा अन्य तटबंध सुरक्षित है।


