बाढ़ की खबर... हम गंगा मैया के भक्त मनाएंगे...मैया मानेगी
गंगा नदी किनारे की ओर शिफ्ट कर गई, जिसके कारण हो रहा कटाव मंत्री ने

नवगछिया, निज संवाददाता। हम गंगा मैया के भक्त हैं, गंगा मैया को मनाएंगे और मैया मानेगी। राघोपुर कटाव स्थल पर भावुक हुए पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेन्द्र ने शनिवार को ये बातें प्रेस से कही। डीएम के साथ राघोपुर में हो रहे कटाव देखने के बाद कटावस्थल पर हो रहे कटावनिरोधी कार्य को देखकर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने बताया कि नदी शिफ्ट कर गई है। उसका धारा मूव कर गया है। नदी टेढ़ी हो गई है और गहराई बीच नदी के बजाए बांध के पास 20 से 30 मीटर किनारे आ गई है। नदी ने नया रास्ता खोल दिया है।
जिसके कारण कटाव हो रहा है, लेकिन हमलोग हारे नहीं है, कटाव रोककर रहेंगे। मंत्री ने कहा कि हम गंगा मैया के भक्त हैं। कई बार गंगा मैया को मना चुके हैं, इस बार भी मनाएंगे। हमें विश्वास है कि गंगा मैया मान जाएंगी। उन्होंने कहा कि गंगा कटाव में नारायणपुर स्टेशन कटा था। रेलवे के इंजीनियर ने कटाव रोका था। रेलवे के अभियंता को भी बुलाए हैं। बिहार के सभी एक्सपर्ट अभियंता को बुला रहे हैं। कटाव रुकेगा और गंगा मैया मानेंगी। उन्होंने कहा कि हो रहे कटावनिरोधी कार्य को कैसे कहेंगे कि अच्छा हो रहा है। बताएंगे उनको कि कटाव रोकने के लिए क्या करना हैं, क्योंकि मैं खुद इंजीनियर हूं। उन्होंने बताया कि कौन जानता था कि नदी इधर शिफ्ट करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया कि उन्होंने फरक्का का सारा फाटक खुलवा दिया है। जिस कारण नेपाल का पानी आने के बाद कुछ नहीं हुआ, पानी तेजी से निकल रहा है।


