गंगा के कटाव में 15 घर विलीन, 20 पर मंडरा रहा खतरा, तीन मंजिला मकान ध्वस्त
गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद कटाव की रफ्तार हो गई तेज खरीक

बिहपुर (भागलपुर), संवाद सूत्र। गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद कटाव की रफ्तार तेज हो गई है। खरीक प्रखंड की राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर में अब तक 15 घर गंगा में विलीन हो चुके हैं। रविवार की दोपहर करीब दो बजे फिर पांच घर गंगा की तेज धारा में समा गए। इनमें चार सगे भाइयों उदय मंडल, पुतुल मंडल, अविनाश मंडल और नरेंद्र मंडल का तीन मंजिला मकान भी शामिल है। मकान में खाद की दुकान भी चलती थी। इसके अलावा मंजन कुमार मंडल का घर भी गंगा में समा गया। लगातार उजड़ते आशियानों के बीच प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घर के साथ 170 बोरी खाद भी गंगा में समाई
घर और खाद नदी में समाए
अविनाश मंडल ने बताया कि कटाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से पहले ही घर खाली करा लिया गया था। इससे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, लेकिन घर का सामान और दुकान में रखी करीब 170 बोरी खाद गंगा में समा गई। इसमें 100 बोरी डीएपी, 20 बोरी पोटाश, 20 बोरी बायो पोटाश, 10 बोरी एनपीके और 10 बोरी टीएसपी खाद शामिल थी। उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत से बनाया गया तीन मंजिला मकान और आजीविका का साधन एक साथ छिन गया।
न घर बचा और न जीने का सहारा
दर्द बयां करते हुए अविनाश मंडल ने कहा न घर बचा और न जीने का सहारा। अब कहां जाएं, क्या करें, कुछ समझ में नहीं आ रहा है। सब कुछ छीन लिया गंगा मैया ने। अब अपने परिवार का गुजर-बसर कैसे करेंगे।
दुकान उजड़ने से आजीविका का संकट
घर में चलती थी मनिहारी दुकान, अब सड़क पर परिवार
मंजन कुमार मंडल ने बताया कि वह अपने घर में ही मनिहारी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गंगा के कटाव ने उनका घर और दुकान दोनों छीन लिए। अब परिवार के साथ सड़क पर जीवन बिताने की मजबूरी है। उन्होंने कहा कि घर और दुकान उजड़ने के बाद समझ में नहीं आ रहा कि परिवार को लेकर कहां जाएं और जीवन कैसे चलाएं।
राहत और बचाव कार्य जारी
सामुदायिक रसोई चालू पर रहने का ठिकाना नहीं
प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है, लेकिन बेघर परिवारों के रहने की समुचित व्यवस्था अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। जिन लोगों ने अपना घर, दुकान और जमा-पूंजी गंवा दी, उनके सामने सिर छिपाने के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
कटाव रोकने के लिए एनसी बैग डालने का काम जारी
कटाव स्थल पर नवगछिया के प्रभारी एसडीओ सह डीसीएलआर शैलेन्द्र कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के एसडीओ उमेश कुमार विंद और कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार समेत अन्य अधिकारियों की निगरानी में बचाव कार्य चल रहा है। नाव के माध्यम से एनसी बैग लाकर कटाव स्थल पर डाले जा रहे हैं। हालांकि, कटाव की गंभीरता के बीच बचाव कार्य की चुनौती लगातार बढ़ रही है।
बीस घरों पर मंडरा रहा कटाव का खतरा
20 घरों पर मंडरा रहा खतरा
कटाव स्थल पर स्थिति अब भी बेहद भयावह बनी हुई है। करीब 20 घर कटाव के मुहाने पर हैं। इन घरों का पिछला हिस्सा आधे से अधिक कट चुका है और कभी भी ये मकान गंगा में समा सकते हैं। ऐसे में प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। लगातार उजड़ते घरों के बीच लोगों को आशंका है कि समय रहते ठोस बचाव नहीं हुआ तो कई और परिवार बेघर हो जाएंगे।


