सात दिनों में दें शवदाहगृह के लिए भूमि रिपोर्ट : डीएम
गंगा संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के लिए छपरा में जिला गंगा समिति की बैठक हुई। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने शवदाहगृह के शीघ्र संचालन और अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सभी अधिकारियों को गंगा संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए कहा गया।

गंगा संरक्षण कार्यों में लाएं तेजी छपरा, नगर प्रतिनिधि। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला गंगा समिति की बैठक जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गंगा संरक्षण व स्वच्छता, तटवर्ती क्षेत्रों के विकास, जनजागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
गंगा की स्वच्छता और संरक्षण
डीएम ने कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में रिविलगंज में निर्मित शवदाहगृह के अब तक चालू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र संचालित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी नगर निकायों व संबंधित अंचलाधिकारियों को सात दिनों के भीतर शवदाहगृह निर्माण के लिए उपलब्ध और संभावित भूमि की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश
डीएम ने दिघवारा के आमी मंदिर घाट और मशरक के वर्तमान शवदाह स्थल के समीप भूमि चिह्नित करने के साथ प्रत्येक प्रखंड में कम से कम एक शवदाहगृह के लिए उपयुक्त भूमि चयन करने को कहा। जिला पदाधिकारी ने बायोकंपोस्ट की तर्ज पर स्लज (कीचड़) के उपयोग की संभावनाओं का अध्ययन कर जिला कृषि पदाधिकारी से जांच प्रतिवेदन मांगा। बैठक में माझी के अटल घाट और सोनपुर, दिघवारा और रिविलगंज के घाटों पर रिवर फ्रंट विकसित करने की योजनाओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।
आगामी योजनाएं
उन्होंने दिघवारा व छपरा के गंगा पार दियारा क्षेत्र में जैव विविधता पार्क विकसित करने की दिशा में पहल करने को कहा। बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) व कंपोस्ट प्रबंधन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।


