आज से हाईवे पर थम जाएंगे वाहनों के पहिए
गंगा नगरी में 17 अगस्त को सावन का तीसरा सोमवार मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं का आगमन होगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा। बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

गंगा नगरी में सावन के तीसरे सोमवार को गंगा पार के जनपदों से श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। आज से दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर शिवभक्तों में उत्साह है। बड़ी संख्या में शिवभक्त ब्रजघाट से गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन में रूट डायवर्जन प्लान बना रखा है।पुलिस के मुताबिक इस बार भी आज दोपहर बाद से रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा। हालांकि, अगर इससे पहले कांवड़ियों की भीड़ बढ़ी तो यह प्लान सुबह से भी लागू किया जा सकता है।
इसके बाद ट्रक, कंटेनर, निजी बस, डीसीएम और अन्य भारी वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे। इसके लिए दोपहर से हाईवे और अन्य मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दी जाएगी ।सीओ राहुल यादव ने बताया कि सावन का तीसरा सोमवार 17 अगस्त को है। इसलिए बरेली, संभल, चंदौसी, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर के लाखों कांवड़ियों ब्रजघाट से गंगाजल लेने आएंगे। सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसके चलते, शुक्रवार की शाम से रविवार, सोमवार को हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ रहती है। तीसरे व चौथे सोमवार के लिए ज्यादा कांवड़ियों के आने की संभावना है। कांवड़ियों को दिक्कत न हो इसके लिए हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान प्रस्तावित है, जो शुक्रवार दोपहर बाद से लागू किया जाएगा।

