नन्हे बच्चों ने निकाला दांडी मार्च, गांधी के संदेश से कराया परिचित
कन्नौज के जेपीएस फ्यूचर स्टार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। बच्चों ने कई गतिविधियों में भाग लिया, जिसमें कविता पाठ, भाषण और दांडी मार्च का मंचन शामिल था। कार्यक्रम का उद्देश्य सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मूल्यों को बढ़ावा देना था।

कन्नौज। जेपीएस फ्यूचर स्टार में महात्मा गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर दोनों महापुरुषों के जीवन और आदर्शों को समझा। प्लेग्रुप के बच्चों ने कविता पाठ किया, जबकि एलकेजी के विद्यार्थियों ने कविता प्रस्तुत की। यूकेजी के बच्चों ने भाषण के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं देश के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। बच्चों ने गांधीजी के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक घटना दांडी मार्च का भी मंचन किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए भी जागरूक किया गया। अंत में विद्यार्थियों ने ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य डॉ. संजय शुक्ला ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित होती है। प्रबंध निदेशक अवधेश कुमार मिश्रा ने कहा कि महापुरुषों के जीवन से बच्चों को सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। समन्वयक महिमा ठक्कर ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मनोरंजक तरीके से इतिहास और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।


