बापू की स्मृतियां समेटे गया बाबू के आवास को उद्धार का इंतजार
गांधीजी चंपारण सत्याग्रह के पहले रमणा स्थित गया बाबू के आवास पर रहे थे। यह भवन आज भी खंडहर बन चुका है और संग्रहालय बनाने की घोषणा का इंतजार कर रहा है। गया बाबू के परपोते बताते हैं कि 2017 में घोषणा के बावजूद अब तक कोई कार्य नहीं हुआ है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। चंपारण सत्याग्रह के पहले गांधीजी रमणा स्थित गया बाबू के आवास पर रहे थे। वह आवास आज भी अपने सहेजे जाने का इंतजार कर रहा है। 10 अप्रैल 1917 की रात गांधी जी यहां पहुंचे थे और 11 से 15 अप्रैल तक इस भवन में रहे थे। वह कुआं जिसका पानी वे निकालते थे, वह पत्थर जिसपर बैठकर वे प्रार्थना करते थे, वह अब खंडहर बन हर पल धराशायी हो रहा है। गांधीजी के ठहराव वाले जिस भवन को संग्रहालय बनाना था, वह आज भी खंडहर बना है और इंतजार कर रहा है कि घोषणा के अनुसार वह पूरी चमक के साथ इतिहास के साक्षी के रूप में संयोजित हो।
गया बाबू का आवास और उसकी स्थिति
रमणा स्थित गया बाबू के उस मकान को संग्रहालय के रूप में विकसित करना था। गया बाबू के परपोते आलोक कुमार सिंह जो इस भवन के बगल में ही रहते हैं, वे बताते हैं कि 2017 में घोषणा के बाद 2020 में रजिस्ट्री भी हो गई मगर उसके बाद फाइल वहीं की वहीं पड़ी है। उसके बाद प्रशासनिक अधिकारी कई बार आए, लेकिन घोषणा के अनुरूप काम शुरू नहीं हो सका। 2020 में इस भवन के कैंपस स्थित कुआं की सफाई कराई गई थी। रंगाई भी हुई मगर अब वह भी उपेक्षित है। जिला स्कूल से उप प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त आलोक सिंह बताते हैं कि उस पत्थर को भी सहेजना था, जिसपर बैठकर गांधी जी पूजा करते थे। चाचा ने इसकी रजिस्ट्री सरकार के नाम कर दी है।
भवन, कुआं और परिसर का होना है विकास
गया बाबू के परपोते बताते हैं कि जिस मकान में गांधीजी ठहरे थे, उसी मूल भवन के आधार पर ही संग्रहालय का निर्माण किया जाना है। इसे तीन मंजिला बनाने की योजना है। इसमें कार्यालय, पुस्तकालय और गांधीजी से जुड़े वृत्तचित्र को संजोकर रखना है। भवन के कैंपस में स्थित कुएं का जीर्णोद्धार कर सुंदरीकरण किया जाना है। 11 अप्रैल, 2017 को गांधीजी की चंपारण यात्रा का शताब्दी समारोह मनाया गया था। मुजफ्फरपुर से लेकर चंपारण तक बड़े स्तर पर कार्यक्रम हुआ था। सरकार ने उसी समय गया प्रसाद सिंह के आवास को गांधी संग्रहालय के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। सभी बिंदुओं पर बात और सहमति के बाद कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के नाम जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। कुछ दिनों तक मामला बिहार राज्य भवन निर्माण निगम की ओर से एनओसी जारी करने के नाम पर अटका रहा। अभी भी काम शुरू नहीं हुआ। भवन हर दिन खंडहर बन टूटता जा रहा है。


