कृषि विज्ञान केंद्र में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर जोर
कृषि विज्ञान केंद्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर जोर गढ़वा, प्रतिनिधि। गांधी जयंती के

गढ़वा, प्रतिनिधि। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभियान चलाया गया। स्वच्छता ही सेवा और ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत परिसर में साफ-सफाई के साथ पौधरोपण किया गया। उस दौरान स्वच्छताकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान महेश चंद्र जेराई ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की। उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता अभियान के दौरान केंद्र परिसर की सफाई की गई।
बेहतर योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत महेश चंद्र ने पौधरोपण किया। उन्होंने किसानों और उपस्थित लोगों से अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।मौके पर जेराई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ उसकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। लगाए गए पौधे तभी पर्यावरण के लिए उपयोगी साबित होंगे, जब उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वच्छता को भी केवल अभियान तक सीमित नहीं रखने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन नवलेश कुमार ने किया। मौके पर वैज्ञानिक डॉ. बंधनु उरांव, डॉ. मनोज कुमार सिंह, सियाराम पांडेय, अमित बैठा, राकेश रंजन चौबे, बृज किशोर महतो, कृष्ण कुमार चौबे समेत कई प्रगतिशील किसान मौजूद थे।


