चौराहों पर नुक्कड़ नाटक से दी जाएगी कानूनी जानकारी
गांधी जयंती पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शिक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बचपन बचाओ और महिला सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। छात्रों को जागरूकता फैलाने के लिए प्रभात-फेरी और नुक्कड़-नाटक करने के निर्देश दिए गए।

गांधी जयंती पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिक्षा व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल जज विमलेश सरोज ने निर्देश दिए कि सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में बचपन बचाओ, कानून जानें-अपना भविष्य सुरक्षित करें थीम पर चित्रकला, महिला सुरक्षा पर निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। सिविल जज विमलेश सरोज ने कहा कि छात्र-छात्राएं प्रभात-फेरी में महिला उत्पीड़न रोकने के टोल-फ्री नंबर, पॉक्सो एक्ट और चाइल्ड हेल्पलाइन की तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करें। इसके बाद नगर के मुख्य चौराहों पर स्थानीय बोली में नुक्कड़-नाटक आयोजित किए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष से कम आयु में सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं होता।अज्ञानता के कारण युवा पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर लेते हैं, इसलिए पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूकता फैलाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने डीआईओएस सतीश कुमार और बीएसए सूर्य प्रताप सिंह को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सीओ नगर अशोक सिंह को नुक्कड़-नाटकों के स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए। प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को पुरस्कृत कर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

