पॉक्सो और गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक किया
गांधी जयंती पर गुरुवार को रियाज इंटरमीडिएट कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाने के साथ ही कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को रियाज इंटरमीडिएट कॉलेज उखैयाखास करारी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को देने की अपील की। चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अमित कुमार मिश्रा ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान होना भी जरूरी है।
उन्होंने किसी भी परेशानी की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कक्षा 11 के छात्र गौरव मिश्रा ने कहा कि छात्र-छात्राएं अब गुड टच व बैड टच के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सभी विद्यार्थी इस संबंध में सतर्क रहेंगे और किसी भी गलत व्यवहार की स्थिति में आवाज उठाएंगे। कार्यक्रम में पीएलवी बड़े लाल, कॉलेज की प्रधानाचार्य समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

