गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आचरण में उतारने का लिया संकल्प
कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। अधिकारियों ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित करके उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी ने उनकी शिक्षाओं को जीवन में उतारने का महत्व बताया। जनप्रतिनिधि और नागरिक भी इस अवसर पर मौजूद थे।

कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन व कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के संघर्ष में योगदान देने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता उनके विचारों के प्रमुख आधार थे। उनके विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं।डीएम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपने अल्प कार्यकाल में सादगी, ईमानदारी, नैतिकता, साहस और राष्ट्रभक्ति के आदर्श स्थापित किए।
वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का संचार किया। खाद्यान्न संकट में उन्होंने स्वयं संयम अपनाकर देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी केवल उपदेश नहीं देते थे, बल्कि जिन सिद्धांतों की बात करते थे, उन्हें पहले अपने जीवन में अपनाते थे। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को आचरण में उतारना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद पटेल ने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा से देश को नई दिशा दी, जबकि शास्त्रीजी ने सादगी व कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन के उच्च आदर्श स्थापित किए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

