Jahanabad News: गांधी जयंती पर सत्य-अहिंसा और सादगी का दिया संदेश
Jahanabad News: अरवल, हिन्दुस्तान टीम। पीएम श्री प्लस टू रामकेवल उच्च विद्यालय, रोहाई में प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. नंदकिशोर सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत...

Jahanabad News: अरवल, हिन्दुस्तान टीम। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को करपी एवं बंशी प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और राजनीतिक दलों के कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। पीएम श्री प्लस टू रामकेवल उच्च विद्यालय, रोहाई में प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. नंदकिशोर सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रमों की शुरुआत
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा शिक्षकों और छात्रों ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार रखे। करपी एवं बंशी के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों ने गांधीजी के जीवन और आदर्शों पर आधारित झांकी भी प्रस्तुत की। गांधीजी की वेशभूषा में बच्चों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश दिया। शिक्षकों ने स्वतंत्रता आंदोलन में गांधीजी की भूमिका और उनके सिद्धांतों की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि
इधर, उच्च विद्यालय कुर्था में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभाष कुमार अरुण, शिक्षकों एवं छात्रों ने गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। राजकीय मध्य विद्यालय निघवां में प्रधानाध्यापक डॉ. वीरेंद्र कुमार भास्कर ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। राम रतन उच्च विद्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेता डॉ. राम विनय सिंह की अध्यक्षता में गांधीजी और लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया।

