एलबीएसएम. कॉलेज में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती एवं स्थापना दिवस
करनडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती का आयोजन हर्षोल्लास से किया गया। प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार ने नैतिकता और राष्ट्रसेवा का महत्व बताते हुए छात्रों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्थापना की जानकारी भी साझा की गई।
करनडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एल.बी.एस.एम.) कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ महाविद्यालय का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने सभी को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी व 'जय जवान, जय किसान' का नारा आज भी अत्यधिक प्रासंगिक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राजनीति में नैतिकता और राष्ट्रसेवा के इन मूल्यों को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।प्राचार्य
ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 1971 को शास्त्री जी की धर्मपत्नी ललिता शास्त्री ने इसके भवन की आधारशिला रखी थी। इसके निर्माण में डॉ. ए.पी.वी. वर्मा और टाटा में अधिकारी रहे सुनील शास्त्री का विशेष सहयोग मिला था।कार्यक्रम में डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. संतोष कुमार, सौरभ वर्मा, विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को बढ़ाने और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।


