पारू में टूटा गंडक का तटबंध, साहेबगंज में दो जगह रिसाव
गंडक के उफान ने बुधवार को जिले के पश्चिमी हिस्से में बाढ़ का संकट गहरा दिया। सरैया-पारू सीमा के जयमल डुमरी में गंडक का तिरहुत तटबंध करीब 10 मीटर में ट

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान टीम। गंडक के उफान ने बुधवार को जिले के पश्चिमी हिस्से में बाढ़ का संकट गहरा दिया। सरैया-पारू सीमा के जयमल डुमरी में गंडक का तिरहुत तटबंध दोपहर दो बजे करीब 10 मीटर में टूट गया। वहीं, साहेबगंज के माधोपुर हजारी में तिरहुत तटबंध पर दो जगह रिसाव की सूचना है, जबकि साहेबगंज के ही हुस्सेपुर नया टोला और रूपछपरा स्लुइस गेट के पास तटबंध पर दबाव बना हुआ है।
बाढ़ का प्रभाव
पारू में तटबंध के टूटे हिस्से से पानी तेजी से निचले इलाकों में फैल रहा है। इससे करीब 2500 परिवार प्रभावित हुए हैं। लोग सामान लेकर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर निकलने लगे हैं। खेतों में लगी धान, मक्का और अरहर की फसल भी डूब गई है। मुख्य तटबंध टूटने के बाद रिंग बांध पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है। बाढ़ का कहर सरैया से साहेबगंज तक दिख रहा है। सरैया के रेवा, सहिला और अयोधपुर में 50-60 घरों में पानी घुस गया। सैकड़ों लोगों ने एनएच-722 और ऊंचे तटबंध पर शरण ली है।
राहत कार्य
सात पंचायतों में रसोई, एसडीआरएफ उतरी:
साहेबगंज के गंडक दियारा की सात बाढ़ प्रभावित पंचायतों में सामुदायिक रसोई शुरू की गई है। कई घरों में तीन फीट तक पानी पहुंचने से लोग छतों और तिरहुत तटबंध पर शरण लिए हैं। प्रशासन ने नावों का परिचालन शुरू किया है, जबकि एसडीआरएफ की टीम घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।

