मुंबई में इंडिया टॉप वन कार्यक्रम में शामिल हुए रेडियो मैन राम सिंह बौद्ध
गजरौला के रेडियो मैन राम सिंह बौद्ध ने मुंबई के इंडिया टॉप वन कार्यक्रम में शामिल होकर अमरोहा का मान बढ़ाया। अभिनेता अनिल कपूर से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने रेडियो संग्रहालय के बारे में बताया और उसे देखने का आग्रह किया। उनका संग्रहालय विदेशों में प्रसिद्ध हो चुका है और प्रधानमंत्री ने भी इसकी सराहना की।

गजरौला के रेडियो मैन राम सिंह बौद्ध ने मुंबई में इंडिया टॉप वन कार्यक्रम में शामिल होकर अमरोहा का मान बढ़ाया है। उन्होंने फिल्म अभिनेता अनिल कपूर से मुलाकात करते हुए अपने रेडियो संग्राहलय की जानकारी देते हुए उनसे उसे देखने की अपील भी की। गौरतलब है कि शहर के नाईपुरा में सिद्धार्थ इंटर कालेज के संचालक रविराज सिंह के पिता राम सिंह बौद्ध का रेडियो संग्रहालय विदेशों तक प्रसिद्ध है। प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भी उनके रेडियो संग्रहालय का जिक्र कर सराहा था। इसके बाद उनके रेडियो संग्रहालय को गिनीज बुक में भी दर्ज किया गया।
बहुत से सेलिब्रेटी भी उनके रेडियो संग्राहलय को देखने पहुंच चुके हैं। वहीं बीती पांच सितंबर से मुंबई में शुरू हुए इंडिया टॉप वन कार्यक्रम में भी शामिल होकर उन्होंने जिले का मान बढ़ाया। वह तीन दिन तक कार्यक्रम में शामिल हुए। रेडियो मैन शो में विशेष रूप से उन्हें निमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की शूटिंग मुंबई अंधेरी वेस्ट के स्टूडियो में की गई। कार्यक्रम के बाद फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के साथ विशेष मुलाकात में उन्होंने उन्हें रेडियो गिफ्ट कर म्यूजियम देखने आने का आग्रह किया। अभिनेता अनिल कपूर ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेडियो की तो इन्हें जरूरत थी क्योंकि वो एक बार फिर से पुरानी यादों में खो जाना चाहते हैं। बुधवार को रेडियो मैन राम सिंह बौद्ध का वापस गजरौला लौटने पर स्वागत किया गया।

