ग्रेटर नोएडा के होटलों में हाउसफुल, मुरादाबाद के निर्यातकों की उम्मीदें खिलीं
हस्तशिल्प निर्यात संवर्द्धन परिषद द्वारा आयोजित ऑटम फेयर 2026 शुरू होने से पहले ग्रेटर नोएडा के सभी प्रमुख होटलों की बुकिंग पूरी हो गई है। मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों के लिए यह एक सकारात्मक संकेत है। आयोजकों का मानना है कि यह बढ़ती मांग मेले में ग्राहकों की संख्या में वृद्धि का संकेत है।

हस्तशिल्प निर्यात संवर्द्धन परिषद की मेजबानी में एक्सपो मार्ट पर आयोजित होने जा रहे ऑटम फेयर 2026 की शुरुआत से कुछ दिन पहले आयोजन से जुड़े लोगों को ग्रेटर नोएडा के सभी प्रमुख होटलों के हाउसफुल हो जाने की खबर मिली है। यह जानकर मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों की आंखों में उम्मीदों की चमक खिल उठी है। ऑटम फेयर 2026 कमेटी के अध्यक्ष मुरादाबाद के प्रमुख हस्तशिल्प निर्यातक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि मेले में बिजनेस देने के लिए दुनिया भर से आने वाले खरीदारों का रुझान ग्रेटर नोएडा के अच्छे होटलों में स्टे करने का रहता है। होटलों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले कुछ दिनों के लिए सभी जगह एडवांस में रूम की बुकिंग हो चुकी है।
अधिकांश होटलों में अब जगह नहीं बचने की स्थिति मालूम हुई है। एक्सपो मार्ट परिसर में स्थित होटल मेहमानों की बुकिंग के मामले में पंद्रह दिन पहले ही फुल हो गया था। होटलों में रूम की एडवांस बुकिंग हो जाने को निर्यातक मेले में ग्राहकों की संख्या अच्छी रहने की संभावना के तौर पर देख रहे हैं। निर्यातकों का कहना है कि फेयर शुरू होने से पहले ग्रेटर नोएडा के होटलों का फुल हो जाना काफी सकारात्मक संकेत है।

