दिल्ली से मोबाइल चोरी कर बंगाल बिहार में बेचता था आरोपी
दिल्ली के साकेत कोर्ट से फरार था शातिर गिरोह में दस से अधिक चोर शामिल

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। दिल्ली के साकेत कोर्ट से फरार पश्चिम बंगाल के रहने वाले शातिर चोर उदय मंडल का कनेक्शन दिल्ली, बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल के मोबाइल चोर गिरोह से था। वह दिल्ली से चोरी के मोबाइल को अक्सर बिहार और पश्चिम बंगाल के इलाकों में खपाने का काम करता था। उसके इस गिरोह 10 से अधिक चोर शामिल थे। जो दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद अपने साथियों की मदद से दूसरी जगहों पर बेचने का काम करता था। उनके इस शातिर काम का शक किसी पर नहीं हो, इसको लेकर वह सामान्य तौर पर अपने पास स्टैंडर्ड बैग रखता था।
ताकि लोगों को लगे कि वे कामकाजी लोग है। दिल्ली से पुलिस की गाड़ी से चकमा देकर फरार होने के बाद वह सीधे बंगाल जा रहा था। लेकिन दोबारा जीआरपी भागलपुर के हत्थे चढ़ गया। दिल्ली पुलिस रेल कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद दिल्ली पहुंच गई है। उसे दोबारा कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है। भागलपुर जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मो. नसीम अहमद ने बताया कि दिल्ली के साकेत कोर्ट से फरार चोर को दिल्ली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


