42 साल से फरार वारंटी सुल्तानपुर से गिरफ्तार
उच्च न्यायालय इलाहाबाद से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद 42 साल से फरार चल रहे अभियुक्त को भोजीपुरा पुलिस ने सुल्तानपुर से गिरफ्तार करके कोर्ट में क

उच्च न्यायालय इलाहाबाद से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद 42 साल से फरार चल रहे अभियुक्त को भोजीपुरा पुलिस ने सुल्तानपुर से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया है। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। भोजीपुरा इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि वर्ष 1984 में थाना भोजीपुरा में ईसी एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें धौराटांडा निवासी अजीज खान पुत्र मोहम्मद हुसैन उर्फ मोहम्मद हसन को नामजद किया गया था। इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई लेकिन जमानत के बाद वह फरार हो गया। हाईकोर्ट में मामला सुनवाई पर आया तो दो सितंबर 2026 को अभियुक्त अजीज खान को 6 अक्टूबर 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बरेली के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश दिया। उच्च न्यायालय इलाहाबाद से गिरफ्तारी आदेश जारी होने के बाद भोजीपुरा पुलिस ने अजीज खान की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस पर हाईकोर्ट ने दोबारा उसकी गिरफ्तारी का आदेश किया।
सीओ के नेतृत्व में गठित की गई टीम
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ हाईवे देवेश सिंह और प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा केबी सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। जांच में सामने आया कि अभियुक्त अजीज खान अपील के समय अस्थायी रूप से भोजीपुरा में निवास करता था, जबकि उसका मूल निवास ग्राम सैलखा, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर है। इसके बाद भोजीपुरा पुलिस टीम उसके घर पहुंची और रविवार को स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर बरेली ले आई।
हत्या के मामले में भी जा चुका है जेल
पूछताछ में अभियुक्त अजीज खान ने बताया कि घटना के समय वह धौराटांडा में ट्रक ड्राइवरी करता था और वहीं ट्रक मालिक के यहां रहता था। इसी कारण उस समय धौराटांडा का पता दर्शाया गया था, जो मूल निवास नहीं। वर्ष 1990 में थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर से हत्या के मुकदमे में भी उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी, जिसमें वह उच्च न्यायालय से जमानत पर छूटा था।

