शिवम एग्रो और टीसीएफ का लाइसेंस निलंबित
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शिवम एग्रो और टीसीएफ चॉकलेट्स के लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिए हैं। निरीक्षण में गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन, साफ-सफाई की खराब स्थिति, और कीटों का प्रकोप पाया गया। दोनों कंपनियों को खाद्य कारोबार बंद करने का निर्देश दिया गया है।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद शिवम एग्रो और टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। एफएसएसएआई ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों कंपनियों को लाइसेंस निलंबन की अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां बंद करने का निर्देश दिया गया है। टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स के मामले में एफएसएसएआई को ई-कॉमर्स मंच से मंगाए गए खाद्य उत्पाद को लेकर उपभोक्ता की शिकायत मिली थी।
निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता की खराब स्थिति, उचित सफाई का अभाव, कचरे का गलत निपटान और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों का खराब रखरखाव पाया गया। इसके अलावा कंपनी में कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था नहीं थी और कीटों का प्रकोप पाया गया। निरीक्षण के दौरान बिल्ली का मल और खुले नाले भी पाए गए।एफएसएसएआई ने कहा कि शिवम एग्रो के निरीक्षण में भी गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। इनमें मक्खियां, कचरा, जमा हुआ सीवेज का पानी, मकड़ी के जाले और छत की अपर्याप्त सफाई शामिल है। निरीक्षण में अप्रभावी कीट नियंत्रण, अनुचित भंडारण व्यवस्था, खराब उपकरण, गैर-कार्यशील प्रयोगशाला और लेबल संबंधी खामियां भी पाई गईं।

