ऑनलाइन ऑर्डर से खाद्य उत्पाद की समाप्ति तिथि दिखानी होगी
शोल्डर ::: ऑनलाइन किराना और ई-कॉमर्स मंचों पर कसेगा शिकंजा, खाद्य नियामक बदलेगा नियम

नई दिल्ली, एजेंसी। ऑनलाइन किराना और ई-कॉमर्स मंचों पर सामान बेचने वाली कंपनियों पर सख्ती बढ़ाते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) नए नियम लागू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित प्रावधानों के तहत ग्राहकों को ऑनलाइन ऑर्डर देने से पहले ही उत्पाद की निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच संख्या जैसी महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाई देंगी। यह व्यवस्था कंपनियों को करनी होगी। एफएसएसएआई के मुताबिक, इस संबंध में ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स कंपनियों और अन्य ऑनलाइन मंचों के साथ विचार-विमर्श किया जा चुका है। वर्तमान में कई ऑनलाइन मंच उत्पाद की कुल उपयोग अवधि ((बेस्ट बिफोर और यूज बाय) तो बताते हैं, लेकिन ग्राहक को ऑर्डर देने से पहले यह जानकारी नहीं मिलती कि संबंधित पैकेट कब बनाया गया था, उसकी वास्तविक समाप्ति तिथि क्या है और वह किस बैच का उत्पाद है। इससे ग्राहक के लिए खरीदारी से पहले उत्पाद की गुणवत्ता और शेष उपयोग अवधि का आकलन करना मुश्किल होता है। एफएसएसएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजित पुनहानी ने कहा कि नियामक ई-कॉमर्स क्षेत्र को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए नियम कड़े करने की दिशा में काम कर रहा है।
डार्क स्टोर और क्लाउड किचन पर निगरानी
क्लाउड किचन भी दायरे में आएंगे
एफएसएसएआई डार्क स्टोर की जांच भी बढ़ा रहा है। खासतौर पर खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इसमें फ्रीजर और जमे हुए खाद्य पदार्थों के रखरखाव की भी जांच शामिल है। क्लाउड किचन के लिए भी नियम कड़े किए जा सकते हैं। नियामक डार्क किचन की तस्वीर और पता ऑनलाइन उपलब्ध कराने जैसे प्रावधानों पर विचार कर रहा है। इससे ग्राहक को यह जानकारी मिल सकेगी कि खाना कहां तैयार किया जा रहा है।
भ्रामक दावों पर कंपनियों की जवाबदेही
भ्रामक दावों पर भी जवाबदेही तय होगी
एफएसएसएआई ऑनलाइन मंच पर निर्माताओं की ओर से किए जाने वाले भ्रामक दावों को लेकर भी कंपनियों की जवाबदेही तय करने पर विचार कर रहा है। अभी कई मामलों में प्लेटफॉर्म यह तर्क देते हैं कि वे केवल विक्रेता और ग्राहक के बीच बाजार उपलब्ध कराने का काम करते हैं। हालांकि, नियामक अब प्लेटफॉर्म की भूमिका और जिम्मेदारी को अधिक स्पष्ट करना चाहता है। खासकर खाद्य उत्पादों की गलत जानकारी, गलत दावे और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
प्राधिकरण के मौजूदा दिशा-निर्देश
प्राधिकरण की क्या है तैयारी
एफएसएसएआई के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार, ई-कॉमर्स खाद्य कारोबारियों को उपभोक्ताओं को जरूरी खाद्य जानकारी उपलब्ध करानी होती है। 2024 में एफएसएसएआई ने यह भी कहा था कि डिलीवरी के समय खाद्य उत्पाद में कम से कम 30 फीसदी शेल्फ लाइफ या एक्सपायरी से 45 दिन पहले तक की अवधि बची होनी चाहिए। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भ्रामक दावे और गलत जानकारी देने पर भी रोक है। नियामक अब नियामक इस व्यवस्था को और स्पष्ट करना चाहता है।
पैकेट पर चेतावनी लेबल का प्रस्ताव
पैकेज पर चेतावनी लेबल भी लगेगा
एफएसएसएआई पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर आगे की ओर (फ्रंट-ऑफ-पैक) चेतावनी लेबल लागू करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। इसके प्रस्ताव में चीनी, नमक और संतृप्त वसा जैसे पोषक तत्वों की मात्रा को प्रमुखता से दिखाने की व्यवस्था शामिल है। इस मामले में नियामक ने हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय में एक हलफनामा दायर कर पैकेट के सामने लाल रंग के चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया है और अब इस पर अदालत के निर्णय का इंतजार कर रहा है।
कंपनियों के खिलाफ नियामकीय कार्रवाई
कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ी
पिछले कुछ महीनों में प्रमुख ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों पर नियामकीय कार्रवाई बढ़ी है। इनमें गलत ब्रांडिंग, प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री और वैध लाइसेंस नहीं होने जैसे मामले शामिल हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, ई-कॉमर्स कंपनियों से जुड़े अभियोजन के मामले पिछले एक साल में कम से कम पांच से छह गुना बढ़े हैं। कार्रवाई अब केवल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं है। खाद्य निर्माता, होटल और रेस्तरां भी जांच के दायरे में हैं।


