पेज 3: एक्सपायर मसाले, फफूंद लगा अचार नष्ट कराया
फोटो एफएसडीए ने छापेमारी कर पकड़ा गड़बड़ सामान 19 नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला

फोटो एफएसडीए ने छापेमारी कर पकड़ा गड़बड़ सामान
19 नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
लखनऊ। प्रमुख संवाददाता
छापेमारी की गतिविधियाँ
मुनाफा कमाने के चक्कर में कम्पनियां और दुकानदार मिलावट से बाज नहीं आ रहे हैं। बदबूदार व फफूंद लगी सामग्री बेचने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रोज के खानपान में इस्तेमाल होने वाली हल्दी, धनिया, मिर्च, मसाला की जांच की तो खाने योग्य नहीं मिले। सभी एक्सपायर हो चुके थे। विभाग ने दो दिन के अभियान में आठ कुंतल 545 किग्रा मसाले और अचार नष्ट कराया। इनकी कीमत लगभग 25 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। लगभग नौ लाख कीमत के 9 हजार 783 किग्रा मसाला और अचार सीज किया गया। साथ ही 19 नमूने भी लिए हैं। उनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
विशेष अभियान की जानकारी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का 8 और 9 जुलाई को विशेषकर खाद्य मसालों की जांच का अभियान चलाया। ट्रांसपोर्टनगर स्थित अर्चिता इंडिया प्रालि में रखे रविका ब्रांड के विभिन्न प्रकार के एक्सपायर मसाले मिले, जिनकी मात्रा 145 किग्रा व अनुमानित मूल्य लगभग 60 हजार रुपए आंकी गयी। समस्त मसाला मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। बीकेटी में नवीकोट नंदना में मारुति महिला स्वावलम्बी संस्थान आम, नीबू, गोभी, गाजर, अदरख व मिर्च के अचारों अत्यधिक दुर्गंधयुक्त आ रही थी। बड़ी मात्रा में अचारों में फफूंद लगी हुई थी और सड़ी-गली अवस्था में पाई गई। इसकी मात्रा 8 कुंतल 400 ग्राम थी और अनुमानित की लगभग 25 लाख 20 हाजार आंकी गयी। यहां भी समस्त अचार नष्ट करा दिया गया। साथ ही दो लाख 40 हजार रुपए की कीमत के 2000 डब्बे व जार में तैयार मिक्सड अचार जिनका वजन 8 क्विंटल था, सीज कर दिया गया है। इसके अलावा इरादत नगर के लोहारगंज स्थित तुषार स्पाइस एंड फूड प्रोडक्त में 458 किग्रा हल्दी पाउडर-मूल्य 91,600 रुपए, 638 किग्रा चावल का आटा-कीमत 19,140 रुपए, 273 किग्रा धनिया पाउडर-कीमत 76,440 रुपए, 7383 किग्रा अपमिश्रक-कीमत 3,69,150 रुपए, 208 किग्रा गरम मसाला पाउडर कीमत 1,04,000 रुपए व 23 किग्रा लाल मिर्च पाउडर-कीमत 6,900 रुपए सीज किया गया है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य एवं औषधि प्रशासन विजय प्रताप सिंह ने बातया निरीक्षण कई जगह स्वच्छता में कमियां व खाद्य मानकों का उल्लंघन पाया गया। वहां पर तत्काल खाद्य कारोबार बंद कराया गया। जो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


