अस्पतालों में एमआरपी पर दी जा रही मरीजों को दवाएं

हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

- एफएसडीए ने 17 जिलों के 52 अस्तपलों की फार्मेसी में छापेमारी - अस्पतालों की

अस्पतालों में एमआरपी पर दी जा रही मरीजों को दवाएं

लखनऊ, विशेष संवाददाता

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने 17 जिलों के 52 अस्पतालों की फार्मेसी में छापेमारी की। जांच में पाया गया कि बिना उचित छूट के मरीजों को अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर दवाएं दी जा रही हैं। दवाओं के दाम में अनियमितता पाए जाने पर अस्पतालों की फार्मेसी, आपूर्तिकर्ता और निर्माताओं को नोटिस दी गई है।

अस्पताल के मेडिकल कॉलेजों की जांच

एफएसडीए के मुताबिक नौ राजकीय मेडिकल कॉलेज, 11 निजी मेडिकल कॉलेज और 32 निजी अस्पतालों की फार्मेसियों की पड़ताल की गई। टीम ने जांचा कि अस्पतालों की फार्मेसियों को निर्माता कंपनियों और आपूर्तिकर्ताओं से दवाएं किस कीमत पर मिल रही हैं और उन्हीं दवाओं को किस कीमत पर बेचा जा रहा है। जांच में पता चला कि निर्माता कंपनियों ने दवाओं की एमआरपी काफी ज्यादा रखी है, जबकि अस्पतालों को वही दवाएं काफी कम कीमत पर मिल रही हैं। विभाग ने खरीद मूल्य और मरीजों से वसूले जा रहे बिक्री मूल्य के बीच इस अंतर को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अस्पतालों, सप्लायर्स और निर्माता फर्मों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग दवाओं के खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य के बीच अंतर का आधार जानने और औषधि मूल्य नियंत्रित करने पर पड़ताल कर रहा है।

फार्मेसियों में फार्मासिस्ट की उपलब्धता

एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि नोटिसों का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पतालों की फार्मेसियों में फार्मासिस्ट की उपलब्धता और उनकी मैपिंग की भी जांच की जा रही है। वाराणसी अस्पताल में फार्मासिस्टों की उपस्थिति व मैपिंग में कमियां पाई गई हैं। औषधियों के भंडारण मानकों की जांच की गई, जिसमें टीएस मेडिकल कॉलेज लखनऊ, क्लाउड नाइन लखनऊ और फेलिक्स हॉस्पिटल नोएडा में तापमान लॉगर या कोल्ड चेन से जुड़े मानकों में कमी पाई गई है।

लाइसेंस और बिल की विसंगतियां

मूल्य संबंधी जांच के साथ ही फार्मेसियों में लाइसेंस और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। टेंडर पाल्म लखनऊ, टीएस मेडिकल कॉलेज लखनऊ, वाराणसी हॉस्पिटल वाराणसी, एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल वाराणसी, फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा और सर्वोदय हॉस्पिटल नोएडा की फार्मेसियों में लाइसेंस, बिक्री बिलों पर अंकित पते और स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई। जावित्री हॉस्पिटल लखनऊ में संचालित थोक फर्म में औषधियों के भंडारण व रख-रखाव से संबंधित अनियमितता पाए जाने पर औषधियों के विक्रय पर रोक लगा दी गई है। फोर्टिस हॉस्पिटल, नोएडा में मूल्य निर्धारण से संबंधित विसंगतियां पाई गई हैं।

अधिकतम पूछे जाने वाले प्रश्न

✦एफएसडीए ने कितने अस्पतालों की फार्मेसियों की जांच की?−
एफएसडीए ने 17 जिलों के 52 अस्पतालों की फार्मेसियों की जांच की।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअस्पतालों में एमआरपी पर दी जा रही मरीजों को दवाएं