राधा गोविन्द विवि में फ्रेशर्स एवं फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन, नए छात्रों का हुआ स्वागत व अंतिम वर्ष के छात्रों
रामगढ़ में राधा गोविन्द विवि के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत और अंतिम वर्ष के छात्रों के विदाई के लिए एक पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ कुलाधिपति और सचिव ने छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।

रामगढ़, प्रतिनिधि। राधा गोविन्द विवि के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों की ओर से नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई देने के उद्देश्य से फ्रेशर्स व फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। सीनियर विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता, मनोरंजक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समारोह को यादगार बना दिया। कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि नवप्रवेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाएँ तथा विदाई ले रहे विद्यार्थी अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से अपने जीवन में सफलता के नए आयाम स्थापित करें और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सचिव
प्रियंका कुमारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी अपने ज्ञान, अनुशासन एवं प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो रश्मि, कुलसचिव प्रो निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार एवं फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय के सभी शिक्षकगण एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।


