ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देश'यह मोदी का भारत तो नहीं', बंधक बनाए जाने का आरोप लगाने वाली फ्रांस की एक्ट्रेस ने छोड़ा गोवा का घर

'यह मोदी का भारत तो नहीं', बंधक बनाए जाने का आरोप लगाने वाली फ्रांस की एक्ट्रेस ने छोड़ा गोवा का घर

ये घर उन्होंने 2008 में एक वकील, फ्रांसिस्को सूसा से खरीदा था, जिनकी अब कोविड के चलते मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि घर के मेन गेट को बंद कर दिया गया।

'यह मोदी का भारत तो नहीं', बंधक बनाए जाने का आरोप लगाने वाली फ्रांस की एक्ट्रेस ने छोड़ा गोवा का घर
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,पणजीFri, 03 Feb 2023 02:29 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

गोवा में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर बंधक बनाए जाने का आरोप लगाने वाली फ्रांस की एक्ट्रेस ने अपना घर छोड़ दिया है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। एक्ट्रेस ने गोवा में उनके घर में बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया था। 75 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि वह भारत की पर्यटन-अनुकूल छवि बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के बावजूद निराश हैं।

एक्ट्रेस मैरिएन बोर्गो (Marianne Borgo) ने आरोप लगाया था कि संपत्ति विवाद को लेकर इस सप्ताह की शुरुआत से उन्हें उत्तरी गोवा के कैलंगुट (Calangute) में उनके घर में बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने खुद के लिए खतरा बताया था। अब मैरिएन ने गुरुवार की रात कहा कि वह पणजी के पास बीच के किनारे स्थित बंगला छोड़ रही हैं। उनके मुताबिक, घर के पिछले मालिक की विधवा ने उन्हें कथित तौर पर 11 दिनों तक बंद रखा था।  

उन्होंने कहा कि बंगला पर दावा करने वाले लोगों ने उसके बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए, जिससे वह अंधेरे में रहने को मजबूर थीं। मैरिएन ने कहा कि वह बिना स्नान के अधिक समय तक नहीं रह सकती थीं और वर्तमान परिस्थितियों के कारण उनका स्वास्थ्य बिगड़ रहा था।

उन्होंने कहा, “यह वह भारत तो नहीं है जैसा मोदी बनाना चाहते हैं। वह एक सकारात्मक पर्यटन-अनुकूल छवि बनाने के लिए पूरी दुनिया में काम कर रहे हैं, लेकिन हाल की घटनाओं ने मुझे निराश कर दिया है। मुझे लगता है कि (उनकी) उपलब्धियां यहां गोवा में राज्य स्तर तक नहीं पहुंच पा रही हैं।" स्थानीय पुलिस ने दावा किया था कि वह मामले में हस्तक्षेप नहीं कर सकती क्योंकि विवाद अदालत तक पहुंच गया है।

इससे पहले एक्ट्रेस ने आरोप लगाया था कि उन्हें कई दिनों से घर में बंधक रखा जा रहा है। बोर्गो ने कहा कि उन्होंने खुशी, शांति और रिटायर होने के लिए घर खरीदा था, लेकिन पिछले कुछ दिन भयानक थे। बोर्गो के दोस्तों में से एक ने कहा कि उन्होंने घर पर अपने कानूनी दावे का समर्थन करने के लिए ट्रायल कोर्ट में मामला दायर किया था। ये घर उन्होंने 2008 में एक वकील, फ्रांसिस्को सूसा से खरीदा था, जिनकी अब कोविड के चलते मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि घर के मेन गेट को बंद कर दिया गया है और नौकरानी के अलावा किसी को भी परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें