मालगाड़ी बिगड़ने से वंदे भारत समेत कई यात्री ट्रेनें एक घंटे हुईं लेट
गम्हरिया-बिजराजपुर के बीच परिचालन प्रभावित इस दौरान सैकड़ों यात्रियों को हुई परेशानी जमशेदपुर, वरीय

मालगाड़ी बिगड़ने से बुधवार सुबह यात्री ट्रेनों का परिचालन एक घंटे से ज्यादा देर तक प्रभावित रहा। इससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी हुई। गम्हरिया और बिजराजपुर स्टेशन के बीच अप लाइन में मालगाड़ी रुकने से सुबह साढ़े चार बजे से पौने छह बजे तक टाटानगर से चक्रधरपुर और चांडिल की ओर जाने वाली यात्री ट्रेनें फंसी रहीं। इनमें टाटानगर-पटना वंदे भारत, टाटानगर-एर्नाकुलम, हावड़ा-अहमदाबाद, हावड़ा-जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस और आदित्यपुर-हटिया मेमू समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं। रेलकर्मियों द्वारा मालगाड़ी को आगे बढ़ाने के बाद यात्री ट्रेनों का परिचालन सामान्य हुआ। इधर, ट्रेनों की लेटलतीफी से भी यात्री परेशान हो रहे हैं। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने दुरंतो एक्सप्रेस के लेट चलने का मुद्दा बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर उठाया और रेलवे को सुधार के सुझाव दिए।
ट्रेनों के लेट चलने से परेशान यात्री ऑनलाइन शिकायत भी कर रहे हैं।


