एफएमडी से बचाव को 5.54 लाख पशुओं का होगा टीकाकरण
उत्तमचंद वर्मा सीतामढ़ी में खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए 5.54 लाख गाय, भैंस एवं अन्य पशुओं का मुफ्त में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा और सभी 258 पंचायतों में टीकाकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर टीका लगाया जाएगा।

उत्तमचंद वर्मा सीतामढ़ी। जिले में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम और पशुधन संरक्षण के लिए व्यापक नि:शुल्क टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिले के लगभग 5.54 लाख गाय, भैंस एवं अन्य संवेदनशील पशुओं को टीका लगाया जाएगा। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा। पशुपालन विभाग ने जिले की सभी 258 पंचायतों में टीकाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है। जो घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगे。
घर-घर पहुंचेंगे टीकाकर्मी :
पशुपालन विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी टीकाकर्मियों को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करा दी है। टीकाकरण दल पंचायतवार भ्रमण कर पशुपालकों के घर पहुंचकर पशुओं को नि:शुल्क टीका लगाएंगे। जिससे किसी भी पशु को इस अभियान से वंचित न रहना पड़े।
रोग से बचाव को विभाग पूरी तरह सतर्क :
विभाग के अनुसार खुरपका-मुंहपका अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समय पर टीकाकरण से संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है तथा पशुधन सुरक्षित रहता है। इसी उद्देश्य से पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नियमित होगी मॉनिटरिंग :
अभियान की प्रखंड और जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई होगी। विभाग ने सभी टीकाकर्मियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
पशुपालकों से सहयोग की अपील :
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण दल का पूरा सहयोग करें और अपने सभी गाय, भैंस एवं अन्य संवेदनशील पशुओं को अनिवार्य रूप से टीका दिलाएं। इससे पशुओं को गंभीर बीमारी से बचाया जा सकेगा।
और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से भी राहत मिलेगी।


