एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
उत्तमचंद वर्मा सीतामढ़ी। जिला गौशाला में एफएमडी का नि:शुल्क टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। यह 45 दिनों तक चलेगा और 5,54,800 डोज लगाने का लक्ष्य है। पशुपालकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।

उत्तमचंद वर्मा सीतामढ़ी। जिला मुख्यालय स्थित श्रीसीतामढ़ी गौशाला में एफएमडी (खुरपका-मुंहपका रोग) राउंड-7 के नि:शुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उदघाटन जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रेम कुमार झा एवं गौशाला के सचिव राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उदघाटन के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई।
अभियान की अवधि
45 दिनों तक चलेगा अभियान : जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार 45 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले के गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। जिससे खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
लक्ष्य और टीकाकरण
5.54 लाख डोज लगाने का लक्ष्य :
अभियान के तहत जिले में कुल 5,54,800 डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 4,99,300 पशुओं को प्राथमिक (प्राइमरी) डोज तथा 55,500 पशुओं को बूस्टर डोज दी जाएगी। विभाग ने सभी टीकाकरण टीमों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम में डॉ. निशांत, डॉ. सुभाष, टीकाकर्मी अजय कुमार, संजय सहित पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी मवेशियों का समय पर टीकाकरण कराएं तथा टीकाकर्मियों को सहयोग दें। जिससे जिले को खुरपका-मुंहपका रोग से सुरक्षित रखा जा सके।


