रोडवेज की 713 बसें चलाई, फ्री यात्रा के चलते उमड़ी भीड़
रक्षा बंधन पर्व पर बहनों ने रोडवेज और ई-बसों में फ्री यात्रा का आनंद लिया। बसों में भीड़ के हालात थे और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के लिए हर संभव प्रयास किए गए। ट्रेनों में भी मारामारी रही, जहां यात्रियों ने सीट के लिए धक्का-मुक्की की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ-जीआरपी की टीमें तैनात की गईं।

रोडवेज बसों में रक्षा बंधन पर्व के चलते बहनों ने जमकर सफर किया। लोकल मार्गों की बसों में जमकर भीड़ पहुंचीं। पुराना बस स्टैंड और सेटेलाइट पर मारामारी के हालात थे। रोडवेज बसों और ई-बसों में बहनों को फ्री यात्रा कराई जा रही है। फ्री यात्रा व्यवस्था गुरुवार की सुबह 6 बजे से शुरू की गई, जो 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। परिवहन निगम बरेली रीजन के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और रुहेलखंड की 713 बसों का संचालन कराया जा रहा है। बुधवार रात से ही शत प्रतिशत बसें ऑनरोड कर दी गईं। जिससे रक्षाबंधन के पर्व पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गुरुवार दोपहर से बहनों की बसों में भीड़ उमड़ पड़ी। लोकल बसों में जमकर सफर किया गया। लोग चढ़ने को धक्का मुक्की कर रहे थे। आरएम के नेतृत्व में बस अड्डों पर एआरएम के साथ 12-12 सदस्यीय टीम लगी थी। पूरनपुर, बंडा और जैतीपुर की बसों का यात्रियों को सेटेलाइट पर इंतजार करना पड़ा। सूचना मिलते ही एनाउंसमेंट करके बस की व्यवस्था कराई गई। शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व है, इसलिए आज बसों में और भी मारामारी होगी। इसलिए चारों डिपो के एआरएम को अलर्ट रहने को निर्देश दिये गये हैं। 16 टीमें ऑनरोड की गई हैं, जो बसों का औचक निरीक्षण करेगी। कहीं बसों में बहनों को कोई असुविधा तो नहीं हो रही है।
ई-बसों में भी बहनों को फ्री यात्रा, जमकर सफर
इलेक्ट्रिक सिटी बसों में भी बहनों न जमकर फ्री यात्रा की। 29 अगस्त की रात तक फ्री यात्रा का महिलाओं को लाभ मिलेगा। बरेली शहर में 25 बसों का संचालन किया जा रहा है। जो मिनी बाइपास स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन से कर्मचारीनगर, इज्जतनगर, डेलापीर, बैरियर वन चौकी, फनसिटी, संजयनगर चौराहा, सेटेलाइट, चौकी चौराहा, जंक्शन, चौपुला, बरेली सिटी स्टेशन, किला, सीबीगंज, झुमका आदि मार्गों पर चलाई जा रही है। कुछ बसें डेलापीर, राजेंद्रनगर, प्रभातनगर होकर कोहाड़ापीर, महादेव सेतु होकर जंक्शन जाती हैं। इसी तरह कुछ बसें डेलापीर से ईंट पजाहा, श्यामगंज पुल, विकास भवन, गांधी उद्यान होकर जंक्शन पर पहुंचती हैं। गुरुवार को इन बसों में भी बहनों ने खूब यात्रा की है।
ट्रेनों में भी धक्कामुक्की-मारामारी का सफर
रक्षा बंधन पर्व पर घर जाने की जल्दी में गुरुवार को ट्रेनों में भी सीट को लेकर मारामारी के हालात थे। जनरल कोचों में पैर रखने की जगह नहीं थी। कोच में चढ़ने को धक्कामुक्की हो रही थी। राज्यरानी, त्रिवेणी, इंटरसिटी, आला हजरत, बरेली-प्रयाग, बरेली-वाराणसी और बरेली-दिल्ली पैसेंजर में जमकर लोगों ने यात्रा की। सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ-जीआरपी की आठ टीमें जंक्शन पर लगाई गईं। जनरल तो दूर स्लीपर कोचों में यात्री जबरन घुसे हुये थे। लंबी दूरी की ट्रेनों में लोग जोखिम भरी यात्रा कर रहे थे। कोच गेट पर लटके हुए थे। बरेली सिटी और इज्ज्तनगर स्टेशनों पर भीड़भाड़ रही। पीलीभीत, लालकुआं, हल्द्वानी, बहेड़ी, बदायूं, कासगंज, मथुरा को जमकर लोगों ने ट्रेनों से यात्रा की।


