आईडीटीआर में निःशुल्क स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण 16 अगस्त से
गम्हरिया में आईडीटीआर में बेरोजगार युवाओं के लिए 16 अगस्त से निःशुल्क आवासीय शॉर्ट टर्म स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। प्रशिक्षित युवाओं का प्लेसमेंट एलएंडटी कंपनी के माध्यम से किया जाएगा। सभी 20 से 28 वर्ष की आयु के मैट्रिक उत्तीर्ण युवक-युवतियां इस कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे।

गम्हरिया। आईडीटीआर (इंडो-डेनिश टूल रूम) में बेरोजगार युवाओं के लिए 16 अगस्त से निःशुल्क आवासीय शॉर्ट टर्म स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं का प्लेसमेंट एलएंडटी कंपनी के माध्यम से कराया जाएगा। इसकी जानकारी आईडीटीआर के जीएम रवीन्द्र कुमार ने टीआरसीएससी एवं आईडीटीआर की संयुक्त योजना बैठक में दी। उन्होंने बताया कि गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) तथा टेक्नोलॉजी रिसोर्स कम्युनिकेशन एंड सर्विस सेंटर (टीआरसीएससी) के बीच हुए एमओयू के तहत युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इस कार्यक्रम में आईडीटीआर प्रशिक्षण साझेदार की भूमिका निभाएगा।
दो से तीन माह के प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षुओं का प्लेसमेंट जीआरएसई परियोजना के तहत एलएंडटी कंपनी में कराया जाएगा। टीआरसीएससी के सचिव मानस कुमार दास ने बताया कि जल्द ही पंचायत स्तर पर प्रशिक्षुओं के चयन एवं जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में सभी वर्गों के 20 से 28 वर्ष आयु के मैट्रिक उत्तीर्ण युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। आईडीटीआर के एचओडी (मार्केटिंग एवं एडमिन) अंजन कुंडु ने मोबिलाइजेशन टीम को पंचायत स्तर पर व्यापक अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त कर सकें। बैठक में आईडीटीआर के इंजीनियर ज्योति रजक, मीडिया प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक पंकज कुमार, टीआरसीएससी के सलाहकार अवतार सिंह समेत दोनों संस्थाओं के कई अधिकारी उपस्थित थे।


