किसानों को मुफ्त मिलेगा 1200 पैकेट तोरिया का बीज
देवरिया में किसानों के लिए मुफ्त 1200 पैकेट तोरिया का बीज वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही 50 फीसदी अनुदान पर दो कुंतल तोरिया बीज भी उपलब्ध है। किसानों को आगामी रबी सीजन में तोरिया मिनी किट दी जाएगी, जिसकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है।
देवरिया, निज संवाददाता। आने वाले रबी सीजन में किसानों में मुफ्त 1200 पैकेट तोरिया का बीज मिलेगा। किसानों में वितरण को 24 कुंतल तोरिया का बीज आया है। इसके अलावा 50 फ़ीसदी अनुदान पर वितरण को दो कुंतल तोरिया बीज भी उपलब्ध है। तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने को कृषि विभाग द्वारा किसानों में मुफ्त तोरिया का बीज दिया जायेगा। प्रदेश सरकार रबी सीजन 2026-27 के तहत किसानों को तोरिया मुफ्त मिनी किट देगी। इसके लिए यूपी कृषि विभाग पोर्टल पर तोरिया मिनी किट को ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गयी हैं। प्रत्येक चयनित किसान को तोरिया बीज की 2 किलोग्राम की मिनीकिट मुफ्त दिया जायेगा। लक्ष्य से अधिक आवेदन मिलने पर ऑनलाइन ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चयन के बाद किसानों को विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडारों से पीओएस मशीन के माध्यम से बीज उपलब्ध कराया जाएगा。
बीज मिनीकिट बुकिंग की प्रक्रिया
सबसे पहले कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट यूपी कृषि विभाग पोर्टल पर जाकर बीज मिनीकिट बुकिंग या कृषक पंजीकरण सेक्शन में बुकिंग की जा सकती है। आधार नंबर, मोबाइल नंबर और भूमि का विवरण दर्ज करने के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान मोबाइल पर ओटीपी नंबर आयेगा। इसके सत्यापन के बाद तोरिया मिनी किट की बुकिंग पूरी हो जायेगी। किसानों में वितरण को जिले में 24 कुंतल तोरिया का मिनी किट आया है। 2 किलो के पैकेट का 1200 पैकेट मिनी किट का वितरण होगा।
अन्य बीजों की उपलब्धता
इसके अलावा 2 कुंतल तोरिया बीज 50 फीसदी अनुदान पर वितरित किया जायेगा। जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने कहा कि तोरिया मिनी किट के अलावा गेहूं, सरसों, मटर आदि बीज की बुकिंग भी शुरू हो गयी है।


