4 अगस्त को एमआरएमसीएच में लगेगा सीएचडी स्क्रीनिंग शिविर
पलामू में बच्चों के हृदय जांच के लिए नन्हा सा दिल कार्यक्रम के तहत, 4 अगस्त को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नि:शुल्क सीएचडी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल के सहयोग से सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस शिविर में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे हृदय रोग के लक्षण वाले बच्चों को लाएं।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू में बच्चों के हृदय जांच के लिए संचालित नन्हा सा दिल कार्यक्रम की कड़ी में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान और उपचार के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) में 4 अगस्त को नि:शुल्क सीएचडी स्क्रीनिंग शिविर लगाया जाएगा। सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल-जमशेदपुर के सहयोग से शिविर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जीएनएम भवन स्थित ओपीडी कॉम्प्लेक्स के कक्ष संख्या-12 लगाया जाएगा। एमआरएमसीएच के अधीक्षक ने आदेश जारी कर सभी विभागाध्यक्षों से शिविर के सफल संचालन में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रोजेक्ट समन्वयक गौरव दत्ता ने बताया कि इस वर्ष अब तक पलामू जिले में 38 हजार से अधिक बच्चों की हृदय संबंधी स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
जांच के दौरान जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित कई बच्चों की पहचान हुई, जिनकी सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल में पूरी तरह नि:शुल्क हृदय सर्जरी भी सफलतापूर्वक कराई जा चुकी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि हृदय रोग के लक्षण वाले बच्चों को शिविर में अवश्य लाएं, ताकि समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित हो सके।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


