दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल पर मिलेगा अनुदान, आवेदन शुरू
कुशीनगर में दिव्यांग छात्राओं के लिए निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की गई है। इसमें 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की छात्राएं लाभ ले सकेंगी, जिनकी पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द कार्यालय पहुंचने की सलाह दी गई है।

कुशीनगर। जिले की स्कूल जाने वाली व शिक्षण/प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के लिए निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पांडेय ने पात्र छात्राओं व उनके अभिभावकों से से आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया सहित अन्य पात्र दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनकी आयु 16 वर्ष या उससे अधिक है और जिले की स्थायी निवासी तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक न हो। आवेदिका के पास मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
साथ ही उसकी दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो तथा वह अपने हाथों से ई-ट्राईसाइकिल संचालित करने में सक्षम हो। योजना के तहत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जायेगा।लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक, प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा शारीरिक क्षमता का परीक्षण व अनुमोदन किए जाने के बाद ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र छात्राओं से योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से कार्यालय पहुंच आवेदन करने की अपील की है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


