25 सितंबर तक मिलेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी भी
आजमगढ़ में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सितंबर माह के खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण शुरू हो गया है। राशन 25 सितंबर तक ई—पॉस मशीनों से दिया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर 5 किलो खाद्यान्न मिलेगा। अंत में आधार प्रमाणीकरण न हो पाने पर ओटीपी वेरीफिकेशन से राशन दिया जाएगा।

आजमगढ़, संवाददाता। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सितंबर माह के आवंटित खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण जिले में शुरू हो गया है। राशन का वितरण 25 सितंबर तक ई—वेटिंग लिंक्ड ई—पॉस मशीनों के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर की त्रैमासिक चीनी भी वितरित की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल, कुल 35 किलो खाद्यान्न नि:शुल्क मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर प्रत्येक यूनिट को एक किलो गेहूं और चार किलो चावल,कुल पांच किलो खाद्यान्न दिया जाएगा।
अंत्योदय कार्डधारकों को तीन माह के सापेक्ष तीन किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से कुल 54 रुपये में मिलेगी। वितरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। अंतिम दिन आधार प्रमाणीकरण से खाद्यान्न प्राप्त न कर पाने वाले लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के जरिए राशन देने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।


