तुलसीपुर में अब शुरू होगी जेईई व नीट की नि:शुल्क तैयारी
तुलसीपुर में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ हुआ। उपजिलाधिकारी ने छात्रों को योजना के उद्देश्य की जानकारी दी। छात्रों को जेईई, नीट, एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा। अब तक 65 विद्यार्थियों का पंजीकरण हो चुका है।

तुलसीपुर, संवाददाता। आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल भवानियापुर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी हेमंत कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित व फीता काटकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अभ्युदय योजना के उद्देश्य और इसके लाभों की जानकारी दी। कहा कि अब तराई क्षेत्र के छात्र-छात्राएं जेईई और नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बिना शुल्क कर सकेंगे। प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि अब तक 65 विद्यार्थियों का पंजीकरण हो चुका है और प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी। अभ्युदय योजना से जुड़े सचिन कुमार ने बताया कि जेईई व नीट के अलावा एसएससी और यूपी एसएसएससी के साथ लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी और यूपीएसआई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जेईई अभ्यर्थियों के लिए फिजिक्स वाला का सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में सर्वेश सिंह सहित कई शिक्षक और अभ्युदय योजना के प्रशिक्षक मौजूद रहे।


