गुदड़ी व टोंटो में लगेगा शिविर
चाईबासा के आकांक्षी प्रखंड गुदड़ी और टोंटो में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह शिविर 5-8 अक्टूबर को होंगे, जिसमें लाभुकों को आवश्यक दस्तावेज लाने की सलाह दी गई है। यह योजना भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा समर्थित है।

चाईबासा। जिले के आकांक्षी प्रखंड गुदड़ी एवं टोंटो में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन भारत सरकार की दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण खरीदने एवं फिटिंग के लिए सहायता योजना (एडीआईपी) तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना (आरवीवाई) के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से किया जा रहा है। गुदड़ी में 05 एवं 06 अक्तूबर को तथा टोंटो में 07 एवं 08 अक्तूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाना तथा उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है।
शिविर में आने वाले सभी संबंधित लाभुक अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो अनिवार्य रूप से लेकर आएं। आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने से पंजीकरण एवं पात्रता संबंधी प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में सुविधा होगी।

