फर्जी वसीयत तैयार कर भूमि हड़पने का आरोप, चार पर केस
सुमेरपुर में चार भाइयों के खिलाफ पुलिस ने फर्जी वसीयतनामा तैयार करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। राम प्रकाश गुप्ता समेत अन्य आरोपियों ने एक मृतक के नाम पर भूमि हड़पने की कोशिश की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

सुमेरपुर, संवाददाता। भूमि हड़पने के लिए फर्जी वसीयतनामा तैयार कराने व विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बिहार थाना क्षेत्र के जानकीगंज गांव के रहने वाले राम प्रकाश गुप्ता समेत शिवप्रकाश, जयप्रकाश व चंद्रप्रकाश को नामजद किया गया है। रायबरेली कोतवाली के बेलीगंज गांव के रहने वाले संतोष गुप्त ने पुलिस में तहरीर देकर बताया कि तहसील बीघापुर क्षेत्र के बिहार गांव की गाटा संख्या 632 की 0.139 हेक्टेयर भूमि रामशंकर व रामसहाय पुत्र गंगादीन के नाम दर्ज थी। उनके निधन के बाद राजस्व अभिलेखों में उनके उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज हुए।
आरोप है कि नामजदों ने भगवान दास गुप्ता के नाम कूटरचित वसीयतनामा तैयार कर भूमि का दाखिल-खारिज कराने का प्रयास किया। 24 सितंबर को वसीयत के संबंध में पूछने पर राम प्रकाश ने गाली गलौज की और भूमि का विवाद नहीं छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वसीयतनामा की मूल प्रति तहसीलदार बीघापुर न्यायालय में होने की बात कही गई है।

