पुलिस का फर्जी मुहर बनाकर 1.07 लाख की वसूली, केस
वाराणसी में पुलिस विभाग के राजस्व कोड का दुरुपयोग कर मेसर्स शुभ सिक्योरिटाइजेशन सर्विसेज और बैंक अधिकारियों द्वारा एक लाख सात हजार 359 रुपये की फर्जी वसूली की गई। शिकायतकर्ता रघु श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि उनके बैंक से पैसे फर्जी चालान के आधार पर काटे गए, जिनमें पुलिस के फर्जी मुहरों का इस्तेमाल हुआ।

वाराणसी। पुलिस विभाग के राजस्व कोड और सरकारी मुहरों का दुरुपयोग कर फर्जी चालान के माध्यम से एक लाख सात हजार 359 रुपये की वसूली के आरोप में चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में मेसर्स शुभ सिक्योरिटाइजेशन सर्विसेज, उसके प्रतिनिधि राजीव कुमार और यूनियन बैंक के कुछ अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता रमना (लंका) के साईं धाम कॉलोनी निवासी रघु श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि उनके बैंक ऋण खाते से पुलिस विभाग के राजस्व कोड 0055 का दुरुपयोग कर कथित तौर पर फर्जी चालान के जरिये रुपये काट लिए गए। चालान पर पुलिस विभाग और डीआईजी वाराणसी की फर्जी मुहरों का इस्तेमाल किया गया।
अगस्त 2023 में बैंक की अधिकृत रिकवरी एजेंसी मेसर्स शुभ सिक्योरिटाइजेशन सर्विसेज तथा बैंक के तत्कालीन संबंधित अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को वित्तीय नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके आधार पर ट्रेजरी चालान के जरिये रकम काटी गई। बाद में आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगने पर पुलिस और कोषागार के अभिलेखों में इस चालान से संबंधित कोई वास्तविक लेनदेन नहीं मिला।


