जन्मतिथि बदलकर बनवाया दो पासपोर्ट, हुआ एफआईआर
बस्ती में एक व्यक्ति के पास दो अलग-अलग पासपोर्ट हैं, जिनमें जन्मतिथि गलत तरीके से दर्शाई गई है। आरोपी बाबूराजा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पहली बार 2011 में जारी पासपोर्ट में जन्मतिथि 20 जनवरी 1982 है, जबकि दूसरे पासपोर्ट में अलग जन्मतिथि दिखाई गई है।

बस्ती, निज संवाददाता। एक व्यक्ति के नाम से जारी दो अलग-अलग पासपोर्ट में तथ्य छिपाकर अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाने का मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी बाबूराजा ने छलपूर्वक तथ्यों को छिपाकर पासपोर्ट में अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज कराई है। पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ से मिली शिकायत में आरोपी की पुष्टि होने के बाद गौर पुलिस ने बभनान चौकी प्रभारी की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी बभनान सोमनाथ यादव ने तहरीर देकर बताया है कि पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ से मार्च 2026 में पासपोर्ट से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई।
इसकी जांच की गई तो पता चला कि आरोपी बाबूराजा के नाम पर पहला पासपोर्ट 26 दिसंबर 2011 को जारी है और यह 28 दिसंबर 2021 तक वैध था। इस पासपोर्ट में बाबूराजा ने अपनी जन्मतिथि 20 जनवरी 1982 अंकित की है। जबकि इसी नाम से एक पासपोर्ट 11 दिसंबर 2024 को जारी हुआ है, जो दस दिसंबर 2034 तक वैध है।इसमें जन्मतिथि कुछ और दर्शाई गई है। इस तरह इसकी पुष्टि हुई कि दोनों पासपोर्ट में बाबूराजा ने अलग-अलग जन्मतिथि दशाई है। उसने छल से पहले पासपोर्ट में तथ्यों को छुपाते हुए दूसरा पासपोर्ट बनवाया है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी बाबूराजा निवासी कोठवा महुआडाबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई अजयनाथ कन्नौजिया को सौंपी गई है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


