नौकरी दिलाने के नाम पर 8.93 लाख रुपये हड़पे, थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
अवध विश्वविद्यालय अयोध्या में लिपिक के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 8.93 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद पीड़ित को फर्जी नियुक्ति-पत्र दिया गया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

बस्ती, निज संवाददाता। अवध विश्वविद्यालय अयोध्या में लिपिक के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर गोलमाल का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित से 8.93 लाख रुपये ले लिया गया। इसके बाद उन्हें फर्जी नियुक्ति-पत्र भी थमा दिया गया। इसे लेकर जब पीड़ित अवध विवि अयोध्या गया तो पता चला कि इस तरह की कोई नियुक्ति विश्वविद्यालय प्रशासन स्तर से की ही नहीं गई है। अयोध्या से वापस लौटकर पीड़ित ने जब नौकरी के नाम पर दी गई रकम को वापस मांगा तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। प्रकरण में लालगंज पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जिले के लालगंज थानाक्षेत्र के सूरापार निवासी रविशंकर शुक्ला ने तहरीर देकर बताया है कि अवध विवि अयोध्या में लिपिक के पद पर नौकरी दिलाने का कुद लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाया। आरोप है कि नौकरी के नाम पर भिन्न-2 माध्यम से कुल मिलाकर 8 लाख 93 हजार रुपये ले लिया। 18 अगस्त 2025 को अनन्त मिश्रा ने उन्हें मोबाइल पर जरिये व्हाट्सएप्प कूटरचित नियुक्ति-पत्र भेजा। जिसके जारी होने का दिनांक 29 जुलाई 2025 अंकित था और 18 अगस्त 2025 की मोहर लगी हुई थी। उन्होंने नियुक्ति-पत्र का प्रिंट आउट निकलवा लिया और ड्यूटी ज्वाइन करने के मकसद से डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि के सरदार पटेल प्रशासनिक भवन के उपाधि विभाग में पहुंचे। यहां उपस्थित विश्वविद्यालय के जिम्मेदारों ने बताया कि ऐसा कोई नियुक्ति पत्र यहां से जारी नहीं हुआ। यह नियुक्ति पत्र कूटरचित और फर्जी है। इसके बाद वह निराश होकर वापस लौट आए और विपक्षियों ने नियुक्ति के नाम पर लिया गया पैसा वापस मांगा। इस बात पर विपक्षी भड़क गए और उन्हें अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस अफसरों से की। थाना प्रभारी लालगंज दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी जयप्रकाश मिश्र, अनन्त कुमार मिश्र और सुशीला देवी निवासी बढ़नी थाना नगर बस्ती हाल मुकाम श्याम सदन रामघाट लवकुश नगर कालोनी थाना कोतवाली जनपद अयोध्या के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच एसआई जालन्धर प्रसाद को सौंपी गई है।


