कनाडा में दाखिले के नाम पर दो करोड़ की ठगी, स्टूडेंट वीजा दिलाने का भी दिया झांसा
लखनऊ में एक जालसाज ने एक महिला से बेटी का कनाडा में दाखिला और स्टूडेंट वीजा दिलाने का झांसा देकर लगभग 2 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को कॉलेज का एजेंट बताकर रकम वसूली और बाद में धमकाने लगा। पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सुनील तिवारी, संवाददाता, लखनऊ। बेटी का कनाडा में दाखिला और स्टूडेंट वीजा दिलाने का झांसा देकर एक जालसाज ने महिला से करीब 2 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोप है कि आरोपी ने खुद को कॉलेज का अधिकृत एजेंट बताकर तीन साल तक किस्तों में रकम वसूली। दाखिला न होने पर रुपये मांगे जाने पर उसने महिला को धमकाया। पीड़िता की शिकायत पर विभूतिखंड पुलिस ने आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अयोध्या के गोसाईंगंज निवासी अंजना मौर्या परिवार के साथ चिनहट के गणेशपुर शिवपुरी में रहती हैं। उन्होंने बताया कि जनवरी 2021 में वह बेटी को विदेश भेजने की सोच रही थीं। इसी दौरान चंदन यादव से उनका संपर्क हुआ। उसने खुद को टोरेंटो स्थित आईबीटी कॉलेज का अधिकृत एजेंट बताते हुए विजयंतखंड-1 स्थित अपने कार्यालय बुलाया। वहां कई कर्मचारी मौजूद मिले, जिन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पहले भी कई छात्रों को विदेश भेज चुका है。
रिश्तेदारों से उधार
जून 2021 में चंदन ने जल्द पंजीकरण के नाम पर 50 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद कॉलेज फीस, रहने-खाने और वीजा प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगवाता रहा। एकमुश्त रकम न होने के कारण जब बेटी तुरंत नहीं जा सकी, तो आरोपी ने भरोसा दिलाया कि इंटर के बाद दाखिला करा देगा।
धमकियों का सामना
अंजना का आरोप है कि उन्होंने जमीन बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर 2023 तक कुल 1.25 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और करीब 75 लाख रुपये नकद भी दिए। नवंबर 2023 में आरोपी ने फर्जी प्री-इनरोलमेंट लेटर देकर उनका पासपोर्ट अपने पास रख लिया और वीजा दिलाने का आश्वासन दिया। लेकिन मई 2024 तक न तो दाखिला हुआ और न ही वीजा मिला। मजबूरन बाद में बेटी का दाखिला बड़ौदा में बीटेक कोर्स में कराना पड़ा। जब रुपये वापस मांगे गए, तो चंदन अपना घर और कार्यालय छोड़कर फरार हो गया।
जांच का सामना
जांच में सामने आया कि यह रकम आरोपी के पिता, भाई और अन्य परिजनों के बैंक खातों में जमा कराई गई थी। शिकायत करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और पासपोर्ट भी वापस नहीं किया। कोर्ट के आदेश पर विभूतिखंड थाने में चंदन यादव, उसके पिता रामजी यादव, मां अंबारी यादव (निवासी देवरिया), बहन कंचन यादव और प्रतिभा के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


