सोलर प्लेट सप्लाई देने के नाम पर व्यवसायी से 50 लाख की ठगी
मुजफ्फरपुर में एक व्यवसायी विजय ठाकुर से सोलर प्लेट सप्लाई के नाम पर तीन लोगों ने 50 लाख रुपये की ठगी की। विजय और उसका पार्टनर पटना गए थे, जहां आरोपियों ने उनसे पैसे लेकर भाग गए। विजय ने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सोलर प्लेट सप्लाई देने के नाम पर तीन शातिरों ने बरुराज के व्यवसायी विजय ठाकुर से 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। उसे और उसके पार्टनर मधुबनी के पंडौल निवासी रमेश चौधरी को तीन शातिरों ने पटना बुलाया। आरटीजीएस से 50 लाख रुपये खाते में लिया। इसके बाद ट्रक पर माल लोड करवाने की बात बताकर कार से साथ में लेकर चला। रास्ते में उन्हें उताकर सभी शातिर फरार हो गए। घटना को लेकर व्यवसायी विजय ने मुजफ्फरपुर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें दरभंगा के सिंघवाड़ा थाना के सनाहपुर डीह निवासी मो. कासिम, पटना के सुजीत कुमार और श्रीराम कुमार को नामजद आरोपित बनाया है।विजय
ने पुलिस को बताया है कि बीते नौ जुलाई को उन्हें अनजान नंबर से दरभंगा के कासिम ने कॉल की। बताया कि मार्केट से आधे रेट पर सोलर प्लेट और इसके साथ की अन्य सामग्री बेची जा रही है। इस तरह बात होने के बाद कासिम मुजफ्फरपुर आया। उसके साथ माल लेने के लिए विजय ठाकुर व रमेश चौधरी पटना गए। जहां सुजीत व श्रीराम से मिलवाया गया। दोनों ने कैटलक दिखाकर 50 लाख रुपये आरटीजीएस करवाया। इसके बाद कार से ट्रक पर माल लोड कराने के लिए निकला। रास्ते में काम बताकर कुछ देर के लिए उतरकर इंतजार करने के लिए बोला। कार लेकर सुजीत व श्रीराम वहां से फरार हो गया। विजय और उसका पार्टनर सड़क पर खडे इंतजार करते रहे। घटना के बाद विजय ने पहले नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद मुजफ्फरपुर आकर साइबर थाने में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई है। साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि जिस खाते में रुपये लिए गए उसके धारक व मोबाइल नंबर के आधार पर अरोपितों का सुराग लगाया जा रहा है।


