थाईलैंड में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, मुकदमा दर्ज
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। देहरादून निवासी गुलजार के बेटे को आरोपी ने थाईलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.4 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने पैसे लेने के बाद वर्क परमिट और वीजा देने में आनाकानी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी ने थाईलैंड में 45 हजार रूपए महीने की नौकरी और वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर एक युवक से एक लाख 40 हजार रूपए हड़प लिए। देहरादून निवासी गुलजार पुत्र बाबू निवासी देहरादून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा वर्ष 2024 में बेरोजगार था। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिलशाद निवासी शेरकोट से हुई। आरोपी ने उसे बताया कि वह लोगों को थाईलैंड या अन्य देशों में वर्क परमिट पर भेजता है, जहां 45 हजार रूपए महीना और खाना-पीना, रहने की सुविधा मिलेगी।
पीड़ित के अनुसार आरोपी की बातों में आकर उसने 10 फीसदी ब्याज पर 1.40 लाख रुपये लेकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को दे दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी कहता रहा कि अगले महीने वीजा आ जाएगा। एक बार उसके बेटे को दिल्ली में मेडिकल के लिए भी बुलाया गया, लेकिन उसके बाद न तो वर्क परमिट दिया गया और न ही वीजा।पीड़ित का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। कहने लगा कि तुझे जो करना है कर ले, तेरा हमारा हिसाब बराबर हो चुका है। अभी तक आरोपी ने केवल 10 हजार रूपए ही वापस किए हैं, जबकि उस पर 10 फीसदी ब्याज का भी बोझ है। उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है।थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।


