1.30 लाख में शादी.. दुल्हन बहन-बहनोई संग फरार
झांसी में एक दूल्हे के साथ ठगी का मामला सामने आया है। दूल्हे राकेश भाई को शादी का झांसा देकर एक लाख 30 हजार रुपए लिए गए। समारोह के बाद, दुल्हन ठगों द्वारा अपने भाई-बहन को छोड़कर फरार हो गई। मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

झांसी। झांसी में गुजरात का दूल्हे से ठगी का मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर 1 लाख 30 हजार रुपए नगद लेकर बहन-बहनोई ने अपनी साली से मंदिर में शादी कराई। फिर विदाई के बाद स्टेशन छोड़ने आए। रास्ते में एक रस्म का बहाना बनाकर दूल्हा व उसकी बहन को छोड़कर दुल्हन को लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुजरात के भौरवी थाना तालुका के मोरबी सिटी ए डिवीजन गोकुल नगर नवामकनसर के रहने वाले राकेश भाई निमावत ने बताया कि कुछ समय पहले मोबाइल से उसकी बातचीत शिवपुरी (मप्र) के दिनारा के देवराज शर्मा से हुई थी।
उन्होंने फोन पर शादी कराने का वादा किया और झांसी बुलाया। बीती 17 अगस्त को राकेश झांसी आया। जहां देवराज ने उन्हें दिनारा आने को कहा। यहां एक मंदिर में दिनारा की ही रहने वाली सलौनी को अपनी साली बताकर मिलाया। उस वक्त देवराज की पत्नी शिखा शर्मा व भाई शिवम शर्मा भी साथ थे। इन लोगों ने राकेश से सलौनी की शादी कराने का झांसा दिया। राकेश ने आरोप लगाया कि विवाह के नाम पर देवराज ने 1 लाख 30 हजार ले लिए। फिर सलौनी से शादी कराई। उसी दिन विवाह की रस्में हुई। मंदिर में कुछ लोग मौजूद थे। शादी के बाद यह लोग दुल्हन सलौनी और राकेश को गुजरात जाने के लिए ट्रेन में बैठाने की कहकर दिनारा से झांसी आए। जहां चित्रा चौराहे उसे व उसकी बहन को छोड़कर कोई रस्म के बहाने दुल्हन सलौनी को अपने साथ ले चले गए। वह बहन के साथ घंटों इंतजार करता रहा, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। उसने फोन लगाया तो वह स्वीच ऑफ था। गांव में जानकारी की तो वहां भी कोई नहीं मिला। तब उसे पता चला कि शादी के नाम पर 1.30 लाख की ठगी हुई है। सभी लोग फरार हो गए हैं। इसके बाद उसके पैरों तले जमीन सरक गई। उसने बताया कि इसके अलावा और भी रुपए उससे खर्च कराए गए हैं। मामले में सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपिता की तलाश की जा रही है।


